Home विदेशएशिया भारतीय मूल के नेता संभाल रहे हैं 7 देशों की कमान

भारतीय मूल के नेता संभाल रहे हैं 7 देशों की कमान

by zadmin

भारतीय मूल के ऋषि सुनक ने ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनकर इतिहास रच दिया है। वह न केवल पिछले 200 साल में ब्रिटेन के सबसे युवा प्रधानमंत्री हैं, बल्कि इस पद पर काबिज होने वाले भारतीय मूल के पहले शख्स भी हैं।हालांकि ब्रिटेन एकमात्र ऐसा देश नहीं है जिसकी कमान अब एक भारतवंशी के हाथ में है और इसके अलावा छह ऐसे देश हैं जिन्हें भारतीय मूल के लोग चला रहे हैं।आइए इन देशों के बारे में जानते हैं।

पुर्तगाल:यूरोपीय देश पुर्तगाल की कमान अभी प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा के हाथ में है जो भारतीय मूल के हैं। उनके दादा गोवा के निवासी थे और गोवा के मडगांव में अभी भी उनके रिश्तेदार रहते हैं। हालांकि कोस्टा का खुद का जन्म अफ्रीकी देश मोजाम्बिक में हुआ था।यही नहीं, कोस्टा के पास ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड भी है और खुद भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2017 में उन्हें यह कार्ड सौंपा था।

मॉरीशस:हिंद महासागर में स्थित मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ भी भारतीय मूल के हैं। उनके पूर्वज भारत के राज्य बिहार से संबंध रखते हैं और कुछ समय पहले अपने पिता की मृत्यु होने पर जगन्नाथ उनकी अस्थियां गंगा में बहाने के लिए वाराणसी आए थे।जगन्नाथ के पिता अनिरूद्ध जगन्नाथ भी मॉरिशस के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री रह चुके हैं और उन्हें देश का एक कद्दावर नेता माना जाता था।मॉरिशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन भी भारतीय मूल के हैं।

सिंगापुर:पर्यटकों के बीच प्रसिद्ध सिंगापुर का नेतृत्व भी इस समय एक भारतवंशी के हाथों में है और देश की मौजूदा राष्ट्रपति हलीमा याकूब के पिता भारतीय थे।याकूब सिंगापुर की पहली महिला राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रपति बनने से पहले वह कई अहम पदों पर रह चुकी हैं।वह सिंगापुर की संसद की अध्यक्ष भी रही थीं और इस कद पर काबिज होने वाली भी वह पहली महिला थीं।

सूरीनाम:भले ही आपने दक्षिण अमेरिकी देश सूरीनाम का नाम नहीं सुना हो, लेकिन भारतवंशियों ने यहां भी अपना परचम लहरा रखा है।देश के मौजूदा राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी भारतीय मूल के हैं और उनका पूर्वजों की जड़ें भारत से जुड़ी हुई थीं।संतोखी हिंदू धर्म से संबंध रखते हैं और मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 2020 में राष्ट्रपति बनने पर उन्होंने संस्कृत भाषा में पद की शपथ ली थी।सूरीनाम की आबादी में लगभग 27 प्रतिशत भारतवंशी हैं।

गुयाना:सूरीनाम के पड़ोसी देश गुयाना की कमान भी इस समय एक भारतवंशी के हाथों में है। देश के राष्ट्रपति इरफान अली के परिवार की जड़े भारत से जुड़ी हुई हैं और उनका 1980 में एक भारतीय-गुयाना परिवार में जन्म हुआ था।2020 में राष्ट्रपति बनने के साथ ही गुयाना ने कई इतिहास बनाए थे। वह गुयाना के पहले मुस्लिम राष्ट्रपति हैं, वहीं वह दोनों अमेरिकी द्वीपों के महज दूसरे मुस्लिम राष्ट्राध्यक्ष भी हैं।

सेशेल्स:हिंद महासागर के लगभग 115 द्वीपों से मिलकर बने सेशेल्स देश के बारे में आपने शायद ही सुना हो। यह देश समुद्र के बीचो-बीच मौजूद है और पूर्व अफ्रीका क्षेत्र में आता है।लगभग एक लाख की आबादी वाले सेशेल्स के मौजूदा राष्ट्रपति वावेल रामकलावन हैं जो एक भारतवंशी हैं। रामकलावन के पूर्वजों की जड़ें बिहार के गोपालगंज से जुड़ी हुई हैं।वह बेहद सामान्य पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता लोहार और मां शिक्षक थीं।

अमेरिका:भारतीय मूल की हैं अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति कमला हैरिस.इन देशों के अलावा दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका की दूसरी सबसे ताकतवर नेता कमला हैरिस भी भारतीय मूल की हैं। कमला की मां भारतीय थीं, वहीं उनके पिता जमैका के थे।वह अमेरिका के इतिहास की पहली महिला उपराष्ट्रपति हैं। 2021 में उन्होंने 85 मिनट के लिए अमेरिका का राष्ट्रपति पद भी संभाला था और इसी के साथ वह कुछ समय के लिए ही सही, राष्ट्रपति का पद संभालने वाली पहली महिला बन गई थीं।

You may also like

Leave a Comment