
जयपुर@nirbhaypathik :वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 36 गेंद में शतक लगाकर इतिहास रच दिया है. यह इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक है. साथ ही वैभव IPL के इतिहास में ऐसे पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने दो मौकों पर 40 से कम गेंदों में शतक पूरा किया हो. वैभव ने इस पारी के दौरान रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है.
आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय होने का रिकॉर्ड पहले से वैभव सूर्यवंशी के नाम था. उन्होंने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक पूरा किया था. अब किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी वैभव के नाम हो गया है. वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में 37 गेंद खेलकर 103 रन बनाए, जिसके बाद IPL 2026 की ऑरेंज कैप भी उनके सिर सज गई है.
IPL में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी
अब तक IPL के 19 साल के इतिहास में ऐसा कोई बल्लेबाज नहीं था, जिसने दो बार 40 से कम गेंदों में शतक पूरा किया हो. वैभव सूर्यवंशी ऐसा करने वाले सबसे पहले बल्लेबाज हैं. क्रिस गेल, यूसुफ पठान, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, ट्रेविस हेड और प्रियांश आर्या ने 40 से कम गेंदों में शतक पूरा करने का कारनामा किया था. मगर वैभव इन सबसे आगे निकल गए हैं.