मुख्यमंत्री से मिले राकांपा नेता, सुनेत्रा पवार बनेगी उप मुख्यमंत्री
विशेष संवाददाता

मुंबई(@nirbhaypathik), शुक्रवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ( अजित पवार ) के नेताओं ने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ‘वर्षा ‘ पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के दौरान राकांपा के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे , मंत्री छगन भुजबल मौजूद थे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मीटिंग के बारे में बात करते हुए सुनिल तटकरे ने कहा, ‘आज हम मुख्यमंत्री से जरूर मिले । सुनेत्रा भाभी और परिवार धार्मिक अनुष्ठान में हैं। उसके बाद हम परिवार से संपर्क करेंगे। हम लोगों के मन में जो राय है, विधायकों के मन में जो राय है, उस पर बात करेंगे। सुनेत्रा भाभी से बात करना भी जरूरी है। दादा ने महाराष्ट्र में जिस तरह से रिश्ते बनाए। राज्य उनकी दुखद मौत पर शोक मना रहा है। हम भी उसी शोक के माहौल में हैं। बाकी मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर 2 बजे विधान भवन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायकों की बैठक होगी। इसमें पार्टी की आगे की राजनीतिक दिशा, लीडरशिप की जिम्मेदारियों और खासकर उपमुख्यमंत्री के पद पर फैसले पर विस्तृत चर्चा होगी।
इस बैठक में अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को पार्टी का विधानमंडल का नेता चुना जाएगा । उपमुख्यमंत्री पद के लिए सुनेत्रा पवार का नाम तय है और वह इस पद के लिए तैयार भी हो गयी है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत उन्हें शनिवार की शाम को लोक भवन में शपथ दिला सकते हैं । उपमुख्यमंत्री पद यह एक व्यवस्था है यह संवैधानिक पद नहीं है उपमुख्यमंत्री भी मंत्री ही होता है। सुनेत्रा पवार विधानमंडल की किसी सदन की सदस्य नहीं है मंत्री बने रहने के लिए उन्हें छह महीने के अंदर विधानमंडल के किसी सदन का सदस्य बनना होगा । अजीत पवार के निधन से खाली हुई बारामती विधानसभा सीट से वह उपचुनाव भी लड़ सकती है। फिलहाल वह राज्य सभा की सदस्य हैं। राज्य में पहले की तरह दो उपमुख्यमंत्री होंगें। शिवसेना से एकनाथ शिंदे पहले ही उपमुख्यमंत्री है।