उद्धव सेना की दशहरा रैली का रास्ता साफ़
शिंदे सेना ने शिवाजी पार्क से दावा छोड़ा,
क्रॉस मैदान में होगी रैली
मुंबई,(nirbhaypathik) : शिवाजी पार्क पर दशहरा रैली को लेकर ठाकरे गुट और शिंदे गुट में खींचतानअब ख़त्म हो गया है क्योंकि शिंदे सेना ने जी उत्तर वार्ड में दिया गया आवेदन वापस ले लिया है. दशहरा रैली के लिए शिवसेना के किस गुट को मिलेगा शिवाजी पार्क? इस बात को लेकर पूरे राज्य में उत्सुकता थी। शिवसेना (शिंदे गुट) और ठाकरे गुट शिवाजी पार्क के लिए जिद कर रहे थे. लेकिन चर्चा है कि इस विवाद पर अब पर्दा पड़ गया है. क्योंकि शिंदे गुट ने अपना दवा वापस ले लिया है. यह जानकारी शिंदे गुट के प्रवक्ता और मंत्री दीपक केसरकर ने एक मराठी टीवी चैनल को दी है. मंत्री दीपक केसरकर ने जानकारी दी है कि शिंदे गुट का दशहरा मिलन समारोह दक्षिण मुंबई के क्रॉस और ओवल मैदान में होगा. इस तरह शिवसेना शिंदे गुट ने शिवाजी पार्क पर अपना दावा छोड़ दिया है.
ठाकरे और शिंदे समूह ने इस साल भी दशहरा सभा के लिए मैदान पाने के लिए मुंबई नगर निगम में आवेदन दायर किया था। दोनों गुट यह भी दावा कर रहे थे कि शिवाजी पार्क मैदान उन्हें मिलेगा. इसलिए पिछले साल की तरह इस साल भी यह दुविधा थी कि शिवाजी पार्क में दशहरा रैली किसकी होगी? लेकिन, अब ये समस्या सुलझ गई है.क्योंकि दीपक केसरकर ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी (शिंदे गुट की) रैली क्रॉस या ओवल मैदान पर होगी.
और हमने दशहरा मेला के लिए नगर निगम को दिया आवेदन वापस ले लिया है. ऐसे में साफ है कि इस साल दशहरा सभा के दौरान शिवाजी पार्क में उद्धव ठाकरे की आवाज गूंजेगी.बता दें कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने कथित तौर पर मुंबई में दशहरा रैली को संबोधित करने की अनुमति पाने के लिए सबसे पहले आवेदन किया है। सूत्रों के अनुसार, दादर-माहिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सदा सरवणकर ने 1 अगस्त को आवेदन किया था , और उद्धव सेना के विभाग प्रमुख महेश सावंत ने 7 अगस्त को आवेदन किया था।इस तरह उद्धव गुट आवेदन करने में पिछड़ गया था। पिछले साल, उच्च न्यायालय ने उद्धव सेना को दशहरा रैली को संबोधित करने की अनुमति दी थी,क्योंकि उनका आवेदन सबसे पहले जी नॉर्थ वार्ड के सहायक आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। इस तर्ज को देखते हुए शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को इस साल अनुमति मिलने की अधिक संभावना थी .लेकिन शिंदे सेना ने सद्भावना दिखाते हुए अपना आवेदन वापस ले लिया जिस से उद्धव सेना की दशहरा रैली का रास्ता साफ़ हो गया। शिवाजी पार्क में दशहरा रैली शिवसेना के लिए अत्यधिक ऐतिहासिक महत्व रखती है। दिवंगत शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे ने इस रैली का उपयोग शिवसैनिकों का मार्गदर्शन करने के लिए किया था। वह अपने भाषणों में तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व और यहां तक कि पाकिस्तान की खूब खबर लेते थे.जो राष्ट्रीय स्तर पर काफी ध्यान आकर्षित किया करता था।
—————