शरद पवार अपना फैसला वापस लिया, बने रहेंगे एनसीपी अध्यक्ष
विशेष संवाददाता
मुंबई(@nirbhaypathk):,-मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा वापस लेते हुए पुनः एक बार अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी स्वीकार कर रहा हूँ। यह घोषणा शरद पवार ने शुक्रवार 5 मई को यशवंत राव प्रतिष्ठान में पत्रकार परिषद में की। उन्होंने कहा कि 2 मई 2023 को ‘ लोक माझे सांगाती ‘ मेरी इस आत्मकथा के विमोचन के समारोह के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस अध्यक्ष पद से निवृत्त होने की घोषणा की थी। सार्वजनिक जीवन के 63 वर्ष की लंबी सेवा के बाद इस जवाबदारी से मुक्त होना चाहता था। लेकिन मेरे लिए गए निर्णय से जनमानस में तीव्र भावना उमड़ी। राष्ट्रवादी कांग्रेस के असंख्य कार्यकर्ता , पदाधिकारी और मेरे सहयोगियों में बेचैनी पैदा हो गयी। मैं अपने निर्णय पर पुनः विचार करूं ऐसी अपील मेरे शुभ चिंतक ,मुझे प्यार करनेवाले कार्यकर्ता, अनगिनत प्रशंसकों ने एक जुट होकर मुझसे की है। कुछ ने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की है। शरद पवार ने यह भी कहा कि देश भर और खासकर महाराष्ट्र के विभिन्न सहयोगी राजनीतिक दलों के सहयोगियों और कार्यकर्ताओं ने मुझसे फिर से अध्यक्ष की जिम्मेदारी लेने का पुरजोर अनुरोध किया है। मैं आपकी भावनाओं का अपमान नहीं कर सकता। आपने जो प्यार और विश्वास दिखाया है उससे अभिभूत हूँ। पार्टी द्वारा बनाई गयी समिति ने यह फैसला लिया कि मुझे फिर से अध्यक्ष के रूप में रहना चाहिए। इस फैसले का सम्मान करते हुए मैं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद से निवृत्त होने का अपना निर्णय वापस ले रहा हूँ। भले मैं एक बार फिर से अध्यक्ष का पद ग्रहण कर रहा हूँ लेकिन मेरा स्पष्ट मत है कि संगठन में किसी भी पद या जिम्मेदारी को संभालने के लिए एक उत्तराधिकारी होना चाहिए। अपने अगले कार्यकाल में मैं पार्टी में सांगठनिक बदलाव करने, नयी जिम्मेदारियां सौंपने, नया नेतृत्व तैयार करने पर फोकस करुंगा। मैं पार्टी के विकास के साथ – साथ पार्टी की विचारधारा और लक्ष्यों को जन -जन तक पहुँचाने के लिए और मजबूती से काम करुंगा। इस पत्रकार परिषद में वरिष्ठ नेता सांसद प्रफुल्ल पटेल , पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख , डिप्टी स्पीकर नरहरि झिरवाळ , केरल के विधायक के थॉमस , पार्टी कोषाध्यक्ष हेमंत टकले सहित अन्य विधायक , प्रवक्ता , और पार्टी के पदाधिकारी मौजूद थे। अजित पवार ने शरद पवार के इस निर्णय का स्वागत किया है।