Home अपराध मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के जिले में ज्यादा अपराध-अंबादास दानवे का आरोप

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के जिले में ज्यादा अपराध-अंबादास दानवे का आरोप

by zadmin

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के जिले में ज्यादा अपराध-अंबादास दानवे का आरोप

नवीन कुमार
मुंबई (निर्भय पथिक)।
विधान परिषद में आज शुक्रवार को विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने कहा कि ठाणे और नागपुर में सबसे ज्यादा अपराध है। ठाणे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का जिला है तो नागपुर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का जिला है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के जिले में ही अपराध बढ़े हैं यह चिंता का विषय है। दानवे पूरे राज्य में अपराध की बिगड़ती स्थिति पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में बढ़ते अपराध को रोकने में सरकार सक्षम नहीं दिखती है। दानवे ने राज्य में बढ़ते अपराध का चित्र पेश करते हुए कई मामलों का जिक्र किया। उन्होंने पत्रकार शशिकांत वारिसे की कथित हत्या का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि जिस जगह पर वारिसे की मौत हुई वहां के सारे सीसीटीवी कैमरे बंद थे। वहीं पर एक पेट्रोल पंप भी है। उसका भी उस दिन सीसीटीवी कैमरा बंद था। दानवे ने आशंका जताई कि क्या वारिसे की कथित हत्या के लिए एक साजिश से तहत वहां के सारे सीसीटीवी को बंद कर दिए गए थे। इसकी जांच होनी चाहिए।ठाणे के सांसद राजन विचारे को सरकार ने सुरक्षा प्रदान की है। सवाल उठता है कि एक सांसद की जान खतरे में है वह भी मुख्यमंत्री के जिले में तो ठाणे में कितने आम लोग सुरक्षित हैं। राज्यसभा सदस्य संजय राऊत ने भी पुलिस को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है।दानवे ने सरकार की नीयत पर भी सवाल उठाते हुए एक विधायक के गणपति उत्सव में गोली चलाने के मामले को भी उठाया। पुलिस ने इस विधायक का रिवॉल्वर जब्त किया। बैलेस्टिक जांच में साबित हुआ कि गोली इसी विधायक के रिवॉल्वर से चली थी। लेकिन विधायक पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। दानवे ने राज्य के लोकप्रतिनिधियों की जान सुरक्षित नहीं होने का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन सुस्त है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने भी अपनी सुरक्षा के लिए एसपी को पत्र लिखा है। एक महिला विधायक प्रज्ञा सातव और उनकी महिला अंगरक्षक पर भी हमले हुए। ये हमले इसलिए हुए कि हिंगोली और कलंबोली में अवैध शराब की बिक्री और मटका कारोबार के मामले को उजागर किया गया। पिंपरी चिंचवड में जिला शिवसेना प्रमुख पर हमला हुआ। दानवे ने संभाजीनगर के एक एसीपी के मामले का भी जिक्र किया। इस एसीपी ने एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया। उसके खिलाफ बमुश्किल मामला दर्ज हुआ तो उसने उस महिला के पति को फोन कर धमकाया और उच्च अधिकारियों को सहयोग करने के लिए फोन किया। इसके बाद उसे पुलिस कोर्ट में पेश करने से पहले मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल नहीं लेकर गई। उसे जमानत मिल गई। पुलिस उसे बचा रही है। दानवे ने इस एसीपी को सस्पेंड करने की मांग की है। दानवे ने ठाणे जिले के घोड़बंदर के हीरे एक बिजनेसमैन को मिली धमकी के मामले के अलावा भिवंडी में हुई एक हत्या का भी मामला उठाते हुए कहा कि राज्य में अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं।

You may also like

Leave a Comment